रीवा। जन भारत संदेश-18 जुलाई-2020
संपादक विवेक कुमार मिश्रा
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट इलैयाराजा टी ने नगर परिषद हनुमना के वार्ड क्रमांक 9 में कोरोना संक्रमित मरीज पाये जाने पर संबंधित क्षेत्र में कंटेनमेंट एरिया घोषित करने के आदेश दिये हैं। जारी आदेश के अनुसार वार्ड क्रमांक 9 में ननकू गुप्ता के मकान से बालस्टर के मकान तक तथा राजेन्द्र सोनी के मकान से हरिभगत कचेर के मकान तक एवं मन्तेलाल गुप्ता के मकान से मनोज गुप्ता के मकान तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। कंटेनमेंट एरिया में आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार घोषित किये गये कंटेनमेंट एरिया में निवास करने वाले सभी निवासियों को होम क्वारेंटाइन में रहना होगा। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने के लिए अधिकृत व्यक्तियों के अतिरिक्त सभी का प्रवेश वर्जित होगा। कंटेनमेंट एरिया में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा अन्य स्थानीय कर्मचारियों के दल तैनात किये गये हैं। इनके द्वारा कंटेनमेंट क्षेत्रों के प्रत्येक घर में जाकर निर्धारित प्रपत्र में व्यक्तियों की जानकारी तैयार की जायेगी।
जारी आदेश के अनुसार कंटेनमेंट क्षेत्र के लिए एसडीएम माला त्रिपाठी को इंसिडेंट कमाण्डर बनाया गया है। इन्हें सहयोग देने के लिए राजस्व, पुलिस, नगर पालिका अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तैनात किये गये हैं। कलेक्टर ने कंटेनमेंट क्षेत्र में निर्देशों तथा प्रतिबंधों का कठोरता से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।